खेल समाचार

View All
Published / 2021-12-05 11:24:10
नीरज चोपड़ा ने स्कूल के बच्चों को दी जैवलिन थ्रो की ट्रेनिंग, PM मोदी ने किया ये ट्वीट...

एबीएन सेंट्रल डेस्क। हाल ही में ओलंपिक में गोल्ड लाकर देश का मान बढ़ाने वाले भारतीय जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने अपने काम से न सिर्फ खेलप्रेमियों, आम जनता बल्कि प्रधानमंत्री समेत कई बड़े-बड़े नेताओं का दिल जीत लिया है। दरअसल, जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा हाल ही में अहमदाबाद पहुंचे थे। वहां उन्होंने एक स्कूल पहुंचकर बच्चों से मुलाकात की और उन्हें जैवलिन थ्रो सिखाया। इसके अलावा उन्होंने बच्चों को फिटनेस टिप्स देते हुए उसकी आवश्यकता के प्रति भी जागरुक किया। बता दें कि टोक्यो ओलंपिक में नीरज चोपड़ा ने गोल्ड मेडल जीतकर ना सिर्फ इतिहास में अपना नाम दर्ज किया है बल्कि ये उन सभी लोगों के लिए प्रेरणा है जो अलग अलग तरह के खेल में अपनी पहचान बनाना चाहते है। टोक्यो ओलंपिक में नीरज ने 87.58 मीटर तक भाला फेंका था और गोल्ड जीत लिया था।

Published / 2021-12-04 10:45:15
एजाज पटेल ने रचा इतिहास, 10 में से 10 विकेट लेकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय मूल के कीवी गेंदबाज एजाज पटेल ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने भारत के खिलाफ मुंबई टेस्ट में पारी के सभी 10 विकेट अपने नाम कर लिए। ऐसा करने वाले वह दुनिया के सिर्फ तीसरे गेंदबाज हैं। उनसे पहले जिम लेकर और अनिल कुंबले ही ऐसा कर पाए हैं। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने अपने जन्म स्थान पर खेलते हुए कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने 47.5 ओवर तक बोलिंग की और भारत के सभी 10 विकेट अपने नाम किए। मुंबई टेस्ट के पहले दिन उन्होंने चार विकेट लिए थे। वहीं आज दूसरे दिन बाकी छह विकेट भी उन्होंने झटक लिए। मोहम्मद सिराज उनका 10वां शिकार बने। एजाज ने पहली पारी में भारतीय कप्तान विराट कोहली, चेतेश्वर पुजारा, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, रिद्धिमान साहा, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, जयंत यादव, मोहम्मद सिराज और मयंक अग्रवाल को पवेलियन की राह दिखाई। कोहली, पुजारा और अश्विन तो खाता भी नहीं खोल सके। भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट की पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की बात करें तो पटेल अब पहले नंबर पर आ गए हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के जैक नोरिजा का रिकॉर्ड तोड़ा। जिन्होंने 1971 में 95 रन देकर नौ विकेट लिए थे। वहीं कीवी गेंदबाज द्वारा भी यह पारी का बेस्ट प्रदर्शन हैं। इससे पहले रिचर्ड हैडली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1985 में 52 रन देकर नौ विकेट लिए थे। एजाज पटेल के परिवार का एक घर अब भी मुंबई के जोगेश्‍वरी इलाके में है। उनकी मां ओशिवपारा के एक स्‍कूल में पढ़ाती थीं। खुद एजाज भी अक्‍सर वानखेड़े स्‍टेडियम आकर आईपीएल में मुंबई इंडियंस के मैच देखते थे। उन्‍होंने कुछ मौकों पर MI के खिलाड़‍ियों को गेंदबाजी भी की, अपने दोस्‍त मिशेल मैकक्‍लेनगन की बदौलत। किसे पता था कि जब वह न्‍यूजीलैंड की टेस्‍ट जर्सी पहन खुद वानखेड़े में गेंदबाजी करने उतरेंगे तो कहर बरपा देंगे। पटेल ने कातिलाना गेंदबाजी से टेस्‍ट क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया है। वह किसी टेस्‍ट की एक पारी में 10 विकेट्स लेने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं।

Published / 2021-12-04 07:00:59
भारत का दक्षिण अफ्रीका दौरा टला : जय शाह

एबीएन डेस्क । भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भारत के दक्षिण अफ्रीका दौरे को टाल दिया है। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जाने वाली तीन टेस्ट, तीन एकदिवसीय और चार टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज बाद में खेली जाएगी। बोर्ड ने यह फैसला दक्षिण अफ्रीका में कोविड-19 के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के फैलने के चलते लिया है। बीते कुछ दिनों में वहां पर ओमिक्रॉन के कई नए मामले पाए गए हैं।

Published / 2021-12-02 15:20:50
22 दिसंबर से शुरू होगा प्रो कबड्डी लीग का 8वां सीजन, दर्शकों के बिना होंगे मुकाबले

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) का आठवां सत्र 22 दिसंबर से शुरू होगा जो दर्शकों के बिना खेला जायेगा। आयोजक मशाल स्पोर्ट्स ने पहले चार दिन 3-3 मैचों कराने का फैसला लिया। पीकेएल का आठवां सत्र यू मुंबा और बेंगलुरु बुल्स के मैच से शुरू होगा। इसके बाद तेलुगू टाइटंस का सामना तमिल थलाइवा से होगा। वहीं यूपी योद्धा की टक्कर गत विजेता बंगाल वारियर्स से होगी। कोरोना महामारी के मद्देनजर बेंगलुरु व्हाइटफील्ड होटल एंड कंवेंशन सेंटर को बायो-बबल (कोरोना से बचाव के लिए खिलाड़ियों के लिए बनाया गया सुरक्षित माहौल) में बदल दिया गया है। 12 टीमें यहीं रहेंगी और खेलेंगी। प्रो कबड्डी लीग के कार्यक्रम जारी होने के बाद वीवी प्रो कबड्डी लीग के कमिश्नर व मशाल स्पोर्ट्स के सीईओ अनुपन गोस्वामी ने कहा कि वीवी प्रो कबड्डी लीग भारत के अपने खेल कबड्डी को फिर से लोकप्रिय और जीवंत बनाने के लिए नए प्रारूप के साथ जानी जाती है। हमारा लक्ष्य इस खेल को फिर से एक नई ऊंचाई देने का है। साथ ही कबड्डी प्रेमियों के लिए ये एक बड़ी सौगात है जिससे उनका खूब मनोरंजन भी होता है।

Published / 2021-12-01 13:50:11
धोनी, रोहित, विराट, बुमराह और मैक्सवेल रिटेन, नीलामी में उतरेंगे हार्दिक पांड्या और ईशान किशन

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। गत चैंपियन महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, सुनील नारायण, आंद्रे रसेल और ग्लेन मैक्सवेल कुछ बड़े नामों में शुमार हैं जिन्हें मौजूदा फ्रÞेंचाइजी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के लिए बरकरार रखने का फैसला किया है जबकि हार्दिक पांड्या और ईशान किशन इस बार नीलामी में शामिल होंगे। समझा जाता है कि अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान ने सनराइजर्स हैदराबाद के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है जिसमें उन्हें रिटेन किया जा रहा था। सनराइजर्स हैदराबाद ने अब केन विलियम्सन के साथ साथ जम्मू-कश्मीर के युवा खिलाड़ी उमरान मलिक और अब्दुल समद को भी रिटेन कर लिया है। इसका मतलब साफ है कि विलियम्सन अब सनराइजर्स के स्थायी कप्तान हो सकते हैं। मुंबई इंडियंस ने कीरोन पोलार्ड और सूर्यकुमार यादव को रिटेन कर लिया है, इससे पहले जसप्रीत बुमराह और रोहित शर्मा को भी एमआई ने बरकरार रखा था। इसका मतलब ये हुआ कि हार्दिक पांड्या और इशान किशन इस बार नीलामी में शामिल हो सकते हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भी तीन खिलाड़ियों को रिटेन करने का फैसला किया है, विराट कोहली और ग्लेन मैक्सवेल को तो पहले ही बेंगलुरु ने अपने साथ बरकरार रखा था। अब तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज भी आरसीबी के साथ ही रहेंगे। राजस्थान रॉयल्स ने संजू सैमसन को अपने साथ रखने की घोषणा की थी और अब जोस बटलर, जोफ्रÞा आर्चर और यशस्वी जायसवाल भी राजस्थान के साथ ही रहेंगे। पंजाब किंग्स ने अपने कप्तान लोकेश राहुल को खो दिया है लेकिन मयंक अग्रवाल और अर्शदीप सिंह को रिटेन करने का फैसला किया है। हालांकि अब तक सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का फाइनल छक्का लगाकर तमिलनाडु को चैंपियन बनाने वाले शाहरुख खान के बारे में कोई खबर नहीं मिली है। जॉनी बेयरस्टो ने भी खुद को सनराइजर्स हैदराबाद से अलग होने का फैसला किया। रिटेन किये गए खिलाड़ियों की सूची और टीमों के पास बचा पर्स इस प्रकार है : चेन्नई सुपर किंग्स: रवींद्र जडेजा (16 करोड़ रुपये), एमएस धोनी (12 करोड़ रुपये), ऋतुराज गायकवाड़ (6 करोड़ रुपये), मोइन अली (8 करोड़ रुपये) कोलकाता नाइट राइडर्स: सुनील नारायण, आंद्रे रसेल, वरुण चक्रवर्ती, वेंकटेश अय्यर सनराइजर्स हैदराबाद: केन विलियमसन (14 करोड़ रुपये), उमरान मलिक (4 करोड़ रुपये), अब्दुल समद (4 करोड़ रुपये) मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (16 करोड़ रुपये), जसप्रीत बुमराह (12 करोड़ रुपये), सूर्यकुमार यादव (8 करोड़ रुपये) और कीरोन पोलार्ड (6 करोड़ रुपये) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु : विराट कोहली (15 करोड़ रुपये), ग्लेन मैक्सवेल (11 करोड़ रुपये), मोहम्मद सिराज (7 करोड़ रुपये) दिल्ली कैपिटल्स: ऋषभ पंत, पृथ्वी शॉ, अक्षर पटेल, अनरिख नॉर्खिये राजस्थान रॉयल्स: संजू सैमसन, जॉस बटलर, यशस्वी जायसवाल पंजाब किंग्स : मयंक अग्रवाल (12 करोड़ रुपये), अर्शदीप सिंह (4 करोड़ रुपये) शेष पर्स: सीएसके: सभी चार खिलाड़ी रिटेन, नीलामी के लिए 48 करोड़ रुपये शेष केकेआर: सभी चार खिलाड़ी रिटेन, नीलामी के लिए 48 करोड़ रुपये शेष डीसी: सभी चार खिलाड़ी रिटेन, नीलामी के लिए 48 करोड़ रुपये शेष एसआरएच: तीन खिलाड़ी रिटेन, नीलामी के लिए 57 करोड़ शेष एमआई: सभी चार खिलाड़ी रिटेन, नीलामी के लिए 48 करोड़ रुपये शेष आरसीबी: तीन खिलाड़ी रिटेन, नीलामी के लिए 57 करोड़ रुपये शेष आरआर: तीन खिलाड़ी रिटेन, नीलामी के लिए 57 करोड़ रुपये शेष पीबीकेएस: दो खिलाड़ी रिटेन, नीलामी के लिए 66 करोड़ रुपये शेष नई फ्रÞेंचाइजी के पास 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक तीन खिलाड़ियों (दो भारतीय और एक विदेशी) को साइन करने का समय है, जिन खिलाड़ियों को मौजूदा आठ मौजूदा फ्रेंचाइजी के द्वारा रिटेन नहीं किया गया है। उन्हें नई फ्रेंचाइजी अपने टीम में शामिल कर सकती है। आईपीएल की आठ मौजूदा टीमें अधिकतम चार खिलाड़ियों को रिटेन कर सकेंगी। दो अलग-अलग संयोजन के साथ टीमें रिटेंशन के लिए अपलाई कर सकती हैं : तीन भारतीय और एक विदेशी, या दो भारतीय और दो विदेशी। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि भारतीय खिलाड़ी कैप्ड हैं या अनकैप्ड। नीलामी में राइट-टू-मैच कार्ड नहीं होंगे। प्रत्येक खिलाड़ी के पास यह फैसला लेने का हक होगा कि वह उस फ्रÞेंचाइजी के साथ रहना चाहता है या नहीं। हाल ही में आईपीएल ने नीलामी पर्स को बढ़ाकर 90 करोड़ रुपये कर दिया था, साथ ही विभिन्न रिटेंशन स्लैब भी सेट किए गए थे। मौजूदा फ्रÞेंचाइजी अधिकतम चार खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती है जबकि दो नई अनाम फ्रÞेंचाइजी- जो लखनऊ और अहमदाबाद के रूप में है- वह मूल आठ टीमों के रिटेन करने के बाद प्लेयर पूल से तीन-तीन खिलाड़ी खरीद सकती हैं।

Published / 2021-11-30 14:53:25
Ballon d’Or 2021 : लियोनेल मेस्सी ने रिकॉर्ड सातवीं बार जीता खिताब

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। लियोनेल मेस्सी ने रिकॉर्ड सातवीं बार वर्ष के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर का बलोन डी ओर पुरस्कार मिला जिन्होंने बासीर्लोना के साथ आखिरी सत्र में शानदार प्रदर्शन किया और अर्जेंटीना के साथ पहला अंतरराष्ट्रीय खिताब जीता। वहीं महिला वर्ग में अलेक्सिया पुतेलास ने बार्सीलोना और स्पेन के लिये अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर पुरस्कार जीता। 34 वर्ष के मेस्सी के शानदार प्रदर्शन के दम पर अजेर्टीना ने जुलाई में कोपा अमेरिका खिताब जीता। मेस्सी ने पुरस्कार जीतने के बाद अनुवादक की मदद से कहा, मैं बहुत खुश हूं। नए खिताबों के लिए लड़ते रहना अच्छा लगता है। उन्होंने कहा, पता नहीं अभी कितने साल बाकी है लेकिन उम्मीद है कि काफी समय है। मैं बासीर्लोना और अर्जेंटीना में सभी साथी खिलाड़ियों को धन्यवाद देना चाहता हूं। मेस्सी के 613 अंक रहे जबकि पोलैंड के स्ट्राइकर राबर्ट लेवांडोवस्की 580 अंक लेकर दूसरे स्थान पर रहे। मेस्सी ने कहा , मैं रॉबर्ट से यह कहना चाहता हूं कि तुम्हारा प्रतिद्वंद्वी होना सम्मान की बात है। हर कोई यह कहेगा कि तुम पिछले साल इसके हकदार थे। यह पुरस्कार फ्रांस की फुटबॉल पत्रिका बलोन डीओर द्वारा 1956 से हर साल सर्वश्रेष्ठ पुरूष फुटबॉलर को दिया जाता है। यह 2018 से महिला वर्ग में भी दिया जा रहा है। दोनों पुरस्कार 2020 में कोरोना महामारी के कारण नहीं दिए गए थे। लेवांडोवस्की ने एक सत्र में बुंडेस्लीगा में 41 गोल का रिकॉर्ड बनाया जो जर्मनी के दिग्गज गर्ड म्यूलर से एक गोल अधिक है। उन्होंने फरवरी से सितंबर तक बायर्न म्युनिख के लिये लगातार 19 मैचों में गोल किए। वह इस सत्र में बायर्न के लिये 20 मैचों में 25 गोल कर चुके हैं। चेलसी और इटली के मिडफील्डर जोर्गिन्हो तीसरे स्थान पर रहे जबकि रीयाल मैड्रिड और फ्रांस के फॉरवर्ड करीम बेंजीमा चौथे स्थान पर रहे। पुतेलास ने इस साल 42 मैचों में 26 गोल किए। उन्होंने चेलसी के खिलाफ चैम्पियंस लीग फाइनल में भी गोल किया था । वह युएफा की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी भी रही। उन्होंने कहा, यह बहुत खास पल है। मैं बहुत भावुक हो गई हूं। मैं अपने साथी खिलाड़ियों को धन्यवाद देना चाहती हूं। मेस्सी के नाम क्रिस्टियानो रोनाल्डो से दो अधिक यह पुरस्कार है। रोनाल्डज्ञे छठे स्थान पर रहे। मेस्सी ने बासीर्लोना के लिए कुल 672 गोल किए हैं। अपने आखिरी सत्र में उन्होंने 38 गोल दागे और कोपा डेल रे फाइनल भी जीता। कोपा अमेरिका में उन्होंने चार गोल किए और पांच में मदद की। अब वह पेरिस सेंट जर्मेन के लिये खेलते हैं जिसके लिये अब तक नौ मैचों में चार गोल कर चुके हैं।

Published / 2021-11-29 15:36:49
राज्य स्तरीय गोल्ड कप कबड्डी पर गढ़वा का कब्जा

भवनाथपुर। गढ़वा जिला कबड्डी संघ के तत्वावधान में राज्य स्तरीय गोल्ड कप एक दिवसीय कबड्डी मैच का आयोजन भवनाथपुर उच्च विद्यालय के मैदान किया गया। राज्य स्तरीय कबड्डी मैच में राज्य के बालक एवं बालिका वर्ग में आठ-आठ जिला की टीम ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि गढ़वा जिला के खेल पदाधिकारी तूफान पोद्दार, गढवा जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष आलोक मिश्रा, उमेन्द्र यादव, मधुलता कुमारी एवं राजकिशोर सिंह ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। बालक वर्ग में पहला सेमी फाइनल धनबाद बनाम चतरा जिला के बीच खेला गया। धनवाद की टीम ने चतरा को 34-30 से हराकर फाइनल में जगह बनाया। दूसरे सेमी फाइनल मैच में गढ़वा ने लातेहार को 30-2 हराकर फाइनल में जगह बनाया। फाइनल मैच में गढ़वा ने धनबाद को 42-31 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। वहीं बालिका वर्ग के पहला सेमी फाइनल मैच में पलामू ने खूंटी को 27-8 से हरा कर फाइनल में जगह बनाई। दूसरा सेमी फाइनल मैच में गढ़वा ने लातेहार को 33-10 से हरा कर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मैच में गढ़वा ने पलामू को 36-23 से हराकर विजेता बनी। बालक टीम के विजेता तथा बालिका टीम के विजेता टीम को गढ़वा जिला खेल पदाधिकारी तूफान पोद्दार एवं गढ़वा जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष आलोक मिश्रा ने संयुक्त रूप से शील्ड दिया। उप विजेता बालक एवं बालिका टीम को भाजपा जिला उपाध्यक्ष उमेन्द्र यादव, भवनाथपुर पंचायत की मुखिया मधुलता कुमारी एवं कैलान पंचायत के मुखिया राजकिशोर सिंह, प्रणय देव उर्फ टूटू सिंह ने संयुक्त रुप से शील्ड दिया। बालक टीम के अंनजय सिंह एवं बालिका टीम के रानी तिगा को सर्वश्रेष्ठ रेद्रबक खिताब दिया गया। मौके पर खेल पदाधिकारी श्री पोद्दार ने कहा कि खेल में हार जीत होते रहती है। इसमें किसी को निराश होने की जरुरत नहीं है। वर्तमान सरकार द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने को लेकर खिलाड़ियों को नौकरी दे रही है। खेल खिलाड़ियों को संस्कार सिखाता है। कहा कि इस तरह की प्रतियोगिता से गांव की प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है। आलोक मिश्रा ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिता से मानसिक विकास होता है। कार्यक्रम का अजय गुप्ता ने किया। रेफरी की भूमिका कृष्ण कुमार, उपेंद्र कुमार, दीपू, राहुल शर्मा, सहवाग, शिव कुमार ने निभाई। इस राज्य स्तरीय कबड्डी को सफल बनाने में कांति खलको, अर्पित सिंह, प्रवेश साह, दीपक कुमार, राहुल गुप्ता, प्रेमचंद प्रजापति, अगस्त कुमार, चंदन कुमार, नीतीश प्रजापति, मनीष कुमार, विट्टू, पंकज कुमार आदि ने निभाई।

Published / 2021-11-29 14:00:13
भारत-न्यूजीलैंड पहला टेस्ट ड्रॉ

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और न्यूजीलैंड के बीच कानपुर टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुआ। 284 रन के लक्ष्य के जवाब में कीवी टीम पांचवें दिन का खेल समाप्त होने तक 9 विकेट पर 165 रन बना सकी। आखिरी दिन न्यूजीलैंड को जीत के लिए 280 रन चाहिए थे और उसके नौ विकेट बचे थे। हालांकि, रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन की जोड़ी ने कीवी के मध्यक्रम के बल्लेबाजों को जमने का मौका नहीं दिया। जडेजा ने चार और अश्विन ने तीन विकेट झटके। एक वक्त कीवी टीम ने 80 ओवर में 138 रन पर सात विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद 18 ओवर में भारत को जीत के लिए तीन विकेट चाहिए था। उस वक्त रचिन रवींद्र ने काइल जेमीसन के साथ 46 गेंद (लगभग 8 ओवर) बिताए। जेमीसन (5) के आठवें विकेट के रूप में आउट होने के बाद रचिन ने टिम साउदी के साथ मिलकर 20 गेंद (लगभग 3 ओवर) बिताए। न्यूजीलैंड के 155 पर 9 विकेट गिर चुके थे। इसके बाद रचिन और एजाज पटेल ने गजब की बल्लेबाजी की। इन दोनों ने 52 गेंद (लगभग 9 ओवर) मैदान पर गुजारे और अश्विन और जडेजा जैसे गेंदबाजों पर विकेट नहीं गंवाया। दोनों टीमों के बीच अब दूसरा टेस्ट मुंबई में तीन दिसंबर से खेला जाएगा। कानपुर में भारत-न्यूजीलैंड के आंकड़े : भारत ने पहली पारी में 345 रन और न्यूजीलैंड ने 296 रन बनाए थे। भारत ने दूसरी पारी में सात विकेट पर 234 रन रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी। इस तरह न्यूजीलैंड को 284 रन का लक्ष्य मिला। यह भारत-न्यूजीलैंड के बीच कानपुर में दूसरा ड्रॉ टेस्ट मैच है। दोनों टीमें ग्रीन पार्क मैदान पर चार टेस्ट खेल चुकी हैं। 1976 में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था। वहीं, 1999 में भारत ने कीवी टीम को 8 विकेट से और 2016 में 197 रन से हराया था। कानपुर में भारत 23 टेस्ट खेल चुका है। इसमें से सात में टीम को जीत मिली और तीन में हार का सामना करना पड़ा। 13 टेस्ट ड्रॉ हुए हैं।

Page 192 of 217

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse