एबीएन डेस्क। भारत के 19 साल के भारोत्तोलक जेरेमी लालरिननुंगा अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन तो नहीं कर पाए लेकिन 67 भारवर्ग में उनका 305 (141+164 किलोग्राम) वजन का प्रयास राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में स्वर्ण दिलाने के लिए काफी रहा। यह प्रतियोगिता 2022 में बर्मिंघम में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालिफाइंग स्पर्धा भी है। 2018 यूथ ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता जेरेमी का श्रेष्ठ प्रदर्शन 306 (140+166 किलोग्राम) वजन उठाने का है जो उन्होंने 2019 में किया था। मिजोरम के जेरेमी ने अपने स्वर्णिम अभियान के दौरान स्नैच में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया लेकिन क्लीन एंड जर्क में ऐसा नहीं कर सके। स्नैच में वह चौथे और ओवरऑल सातवें स्थान पर रहे। जेरेमी को अप्रैल में एशियाई चैंपियनशिप के दौरान घुटने में चोट लग गई थी। मई में वह जूनियर विश्व चैंपियनशिप में चौथे स्थान पर रहे और टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई नहीं कर सके थे।
एबीएन डेस्क। भारत में पहली बार एशियाई खेलों के लिए घुड़सवारी के ट्रायल्स होंगे। 2022 में होने वाले इन खेलों के लिए 12 से 16 दिसंबर तक एमेच्योर राइडर्स क्लब (एआरसी) में ट्रायल्स कराए जाएंगे। शो जंपिंग चयन ट्रायल्स महालक्ष्मी रेस कोर्स पर कराए जाएंगे जिसमें 16 साल और इससे अधिक उम्र के प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं। भारतीय घुड़सवारी महासंघ (ईएफआई) द्वारा आयोजित ट्रायल्स में दिल्ली, बंगलुरू, चेन्नई के साथ मेजबान शहर मुंबई के घुड़सवार भाग लेंगे। इसमें टीमों और व्यक्तिगत स्पर्धाओं के लिए दो दौर में ट्रायल्स शो जंपिंग 1.40 मीटर और शो जंपिंग 1.50 मीटर वर्गों में कराए जाएंगे। यह पहली बार है जब मुंबई घुड़सवारी एशियाई खेलों के दूसरे और तीसरे दौर के ट्रायल्स कराएगा जो क्रमश: दिसंबर 2021 और जनवरी 2022 में कराए जाएंगे।
मुंबई। देश के शीर्ष आलराउंडर रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल चोटों के कारण दक्षिण अफ्रीका के आगामी दौरे से बाहर हो गए हैं, जबकि रोहित शर्मा को वनडे का नया कप्तान बनाया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आगामी दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए बुधवार को भारतीय टीम की घोषणा कर दी। दाएं हाथ में सूजन के कारण जडेजा न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए थे और इसी चोट ने उन्हें दक्षिण अफ्रीका दौरे से भी बाहर कर दिया है। राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने दौरे के लिए बुधवार को टीम की घोषणा की। विराट कोहली टेस्ट टीम के कप्तान बने रहेंगे, जबकि रोहित को लम्बे फॉर्मेट में नया उपकप्तान बनाया गया है। रोहित साथ ही वनडे में कप्तान बनाये गए हैं। रोहित अब वनडे और टी -20 फॉर्मेट में कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
एबीएन डेस्क। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को संसद में बताया कि 2017-18 से 2021-22 के बीच केंद्र सरकार ने भारतीय पैरालम्पिक समिति को 32 करोड़ रूपये से अधिक आवंटित किए हैं। लोकसभा में एक सवाल के जवाब में ठाकुर ने कहा कि यह राशि राष्ट्रीय खेल महासंघों को सहायता की योजना के तहत दी गई। उन्होंने यह भी बताया कि पैरा एथलीटों के लिए टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना (टॉप्स) के तहत पिछले पैरालम्पिक सत्र में 10.50 करोड़ रूपये खर्च किए गए। भारत ने तोक्यो पैरालम्पिक में पांच स्वर्ण, आठ रजत और छह कांस्य समेत 19 पदक जीते थे। खेल मंत्रालय ने कहा कि पैरा खेलों को सरकार की वित्तीय सहायता के लिए प्राथमिकता सूची में रखा गया है। पैरा खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतिस्पर्धाओं के लिए जरूरी सहायता दी जा रही है। एक अन्य सवाल के जवाब में ठाकुर ने लोकसभा में कहा कि खेलो इंडिया योजना के तहत पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए विभिन्न वर्गों में खेलों के बुनियादी ढांचे से जुड़ी 62 परियोजनाओं पर 423 करोड़ रूपये खर्च किए जाएंगे।
नई दिल्ली। टीम इंडिया के साउथ अफ्रीका दौरे का रिवाइज्ड शेड्यूल जारी हुआ है। क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) ने ट्वीट कर रिवाइज्ड शेड्यूज की जानकारी दी है। पहले 8 दिसंबर को साउथ अफ्रीका का दौरा तय था। बाद में इसे 17 और अब 26 दिसंबर कर दिया गया है। पुराने कार्यक्रम के मुताबिक टीम इंडिया को तीन टेस्ट, तीन वनडे और चार टी-20 मैच खेलने थे, लेकिन अब टी-20 सीरीज को स्थगित कर दिया गया है। कोरोना के नये वैरिएंट ओमिक्रॉन के खतरों के बीच भारतीय टीम साउथ अफ्रीका दौरे पर जा रही है। वहां टीम तीन टेस्ट और 3 वनडे खेलेगी। 26 दिसंबर को सेंचुरियन से दौरे की शुरुआत होगी। 23 जनवरी को केपटाउन में आखिरी वनडे मैच के साथ दौरा समाप्त होगा। दौरे का पूरा शेड्यूल : 26-30 दिसंबर पहला टेस्ट, सेंचुरियन, 03-07 जनवरी दूसरा टेस्ट, जोहानिसबर्ग, 11-15 जनवरी तीसरा टेस्ट, केप टाउन, 19 जनवरी पहला वनडे, पार्ल, 21 जनवरी दूसरा वनडे, पार्ल, 23 जनवरी तीसरा वनडे, केप टाउन।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टीम ने एक बार फिर से टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर कब्जा कर लिया है। मुंबई टेस्ट जीतने के साथ ही टीम इंडिया को आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में भी बड़ा फायदा हुआ है। भारतीय टीम अब 124 रेटिंग अंक के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है जबकि न्यूजीलैंड 121 अंकों के साथ खिसककर दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। रैंकिंग में टॉप पांच टीमों की बात करें तो भारत शीर्ष पर है तो न्यूजीलैंड दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं आॅस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और पाकिस्तान क्रमश: तीसरे, चौथे और पांचवें नंबर पर है। भारतीय टीम ने सोमवार को न्यूजीलैंड को दूसरे टेस्ट में 372 रन के बड़े अंतर से हराया और मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियन को चारों खाने चित किया। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के चौथे दिन भारत ने 45 मिनट में ही न्यूजीलैंड के आखिरी पांच खिलाड़ियों को पवेलियन भेजकर पूरी टीम को 167 रन पर ही समेट दिया। कानपुर में हालांकि दोनों टीमों में आखिरी दिन की आखिरी गेंद तक कड़ा मुकाबला देखने को मिला था और मैच बराबरी पर खत्म हुआ था लेकिन मुंबई में ऐसा नहीं हुआ। मुंबई टेस्ट जीतने के साथ ही टीम इंडिया ने घर में लगातार 14वीं टेस्ट सीरीज जीती जबकि विराट की अगुवाई में टीम ने लगातार 11वीं बार टेस्ट सीरीज पर कब्जा जमाया। अपनी कोचिंग में पहली टेस्ट सीरीज जीतने के बाद कोच राहुल द्रविड़ ने खिलाड़ियों की सराहना की। उन्होंने कहा, ये अच्छा लगा कि लड़कों ने आगे बढ़कर मौके का फायदा उठाया।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। लुईस हैमिल्टन ने सऊदी अरब जीपी लीग जीतकर मैक्स वेस्टैर्पेन के साथ अपनी चैंपियनशिप लड़ाई को और इंट्रेस्टिंग कर दिया है। इस सप्ताह के अंत में अबू धाबी जीपी के खत्म होने पर दोनों के नंबर बराबर यानि कि 369.5 हो गए हैं। ऐसे में अबुधाबी में होने वाली खिताबी रेस में दोनों एक-दूसरे को पीछे करने का प्रयास करेंगे। हैमिल्टन अपने आठवें जबकि वेरस्टैपेन पहले खिताब को जीतने की कोशिश करेंगे। एफ1 के इतिहास में यह केवल दूसरी बार है जब दो ड्राइवर फाइनल रेस में जाएगे। आखिरी बार ऐसा 1974 में हुआ था, जब इमर्सन फिटिपाल्डी ने क्ले रेगेजोनी को हराकर खिताब जीता था। जब स्ट्रेस अपने पीक पर हो, तो एक बात तो निश्चित है कि दोनों के फैंस को मजेदार रेस देखने को मिलने वाली है।
मुंबई। मुम्बई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड को 372 रनों से हराकर टीम इंडिया ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज पर 1-0 से कब्जा जमा लिया। पहले मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाली टीम इंडिया ने दूसरे मैच में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को छकाया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने पहली पारी में 325 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम पहली पारी में 62 रन पर ढेर हो गई। इसके बाद दूसरी पारी भारत ने सात विकेट पर 276 रन बनाकर डिक्लेयर कर दी। 540 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम चौथे दिन 167 रन पर सिमट गई। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टीम इंडिया की ये लगातार तीसरी जीत रही। न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत ने पिछले आठ में से सात टेस्ट जीते हैं। टेस्ट में भारत की यह सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उन्होंने छह साल पहले 2015 में दक्षिण अफ्रीका को दिल्ली में 337 रन से हराया था। भारत की यह घरेलू जमीन पर लगातार 14वीं सीरीज जीत है। चौथे दिन कीवी टीम ने 5 विकेट पर 140 रन से आगे खेलना शुरू किया और 27 रन जोड़कर ऑलआउट हो गई। चौथे दिन जयंत यादव की जय जय रही। जयंत ने रचिन रवींद्र (18) का विकेट हासिल कर टीम इंडिया को छठी कामयाबी दिलाई। जयंत ने अपने अगले ही ओवर में काइल जेमीसन (0) को LBW आउट किया। इसी ओवर में यादव ने टिम साउदी (0) को बोल्ड कर दिया। जयंत ने दूसरी पारी में अपना चौथा और न्यूजीलैंड का 9वां विकेट विल सोमरविले (0) को आउट कर हासिल किया। जयंत यादव ने 49 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए। इससे पहले कानपुर में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था। शानदार गेंदबाजी करने वाले न्यूजीलैंड के एजाज पटेल और रवीन्द्र ने पहला टेस्ट ड्रा करा दिया था। विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने 39वां टेस्ट जीता। सीरीज में सबसे ज्यादा 14 विकेट रविचंद्रन अश्विन ने लिए। उन्होंने पहले टेस्ट में 6 और दूसरे टेस्ट में आठ विकेट लिए। इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड दिया गया। वहीं, मयंक अग्रवाल को प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया। रनों के लिहाज से भारत की 5 सबसे बड़ी जीत : 372 रन vs न्यूजीलैंड, मुंबई (2021), 337 रन vs दक्षिण अफ्रीका, दिल्ली (2015), 321 रन vs न्यूजीलैंड, इंदौर (2016), 320 रन vs ऑस्ट्रेलिया, मोहाली (2008), 318 रन vs वेस्टइंडीज, नॉर्थ साउंड (2019)
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse