एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के टेस्ट कप्तान विराट कोहली 771 दिन से अंतरराष्ट्रीय मैच में कोई शतक नहीं लगा सके हैं। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जोहानिसबर्ग में तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला सोमवार (तीन जनवरी) से खेला जाएगा। यह कोहली के करियर का 99वां टेस्ट मैच होगा। कोहली ने 22 नवंबर 2019 के बाद से शतक नहीं लगाया है। जोहानिसबर्ग उनके लिए लकी मैदान रहा है। ऐसे में कोहली इस सूखे को समाप्त करने के लिए उतरेंगे। जोहानिसबर्ग के वांडरर्स मैदान की बात करें तो कोहली ने दो टेस्ट मैचों में 310 रन बनाए हैं। इस दौरान विराट का औसत 77.50 का रहा है। उन्होंने यहां एक शतक और दो अर्धशतक लगाया है। विराट ने 2018 में यहां 54 और 41 रन की पारी खेली थी। उससे पहले 2013 में 119 और 96 रन बनाए थे। कोहली सेंचुरियन टेस्ट की दोनों पारियों में अच्छी शुरुआत के बाद बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे। उन्होंने 35 और 18 रन की पारी खेली थी। कोहली अगर इस मैच में सात रन बना लेते हैं तो वे जोहानिसबर्ग में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विदेशी बल्लेबाज बन जाएंगे। विराट से ज्यादा न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर जॉन रीड ने बनाए हैं। रीड ने दो टेस्ट मैचों में 316 रन बनाए थे। कोहली के 310 रन हैं। तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग हैं। पोंटिंग ने चार टेस्ट मैचों में 263 रन बनाए हैं। भारतीय बल्लेबाजों में कोहली के बाद वांडरर्स में सबसे ज्यादा रन मौजूदा मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के हैं। द्रविड़ ने यहां दो टेस्ट मैचों में 262 रन बनाए थे। तीसरे स्थान पर चेतेश्वर पुजारा हैं। उन्होंने दो टेस्ट मैचों में 229 रन बनाए हैं। अजिंक्य रहाणे के दो टेस्ट में 119 रन हैं। खराब फॉर्म में चल रहे पुजारा इस मैच में द्रविड़ से आगे निकल सकते हैं। आठ हजार रन के करीब कोहली : विराट ने टेस्ट में 98 मैचों की 166 पारियों में 7854 रन बनाए हैं। उनका औसत 50.34 का रहा है। उन्होंने 27 शतक और 27 अर्धशतक लगाए हैं। कोहली की नजर जोहानिसबर्ग टेस्ट में आठ हजार रन पूरे करने पर होगी। अगर वे इस मैच में 146 रन बना लेते हैं तो आठ हजार टेस्ट रन बनाने वाले भारत के छठे बल्लेबाज बन जाएंगे। वीरेंद्र सहवाग, वीवीएस लक्ष्मण, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़ और सचिन तेंदुलकर ने आठ हजार से ज्यादा रन बनाए हैं।
एबीएन डेस्क। टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने रविवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट से एक दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। द्रविड़ ने प्री मैच कॉनफ्रेंस में टेस्ट में भारत के ओवर रेट को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ये एक ऐसा फील्ड है जिस पर हमें काम करने की जरूरत है। उन्होंने ये भी कहा कि घरेलू परिस्थितियों में यह कोई बड़ी चिंता नहीं है लेकिन जब विदेशी दौरे की बात आती है तो उन्हें इस पर गौर करने की जरूरत है। द्रविड़ ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,आईसीसी कुछ कोशिश कर रहा है और यह कठोर है लेकिन यह हमें खेल को तेज करने के लिए है इसलिए मैं इसके साथ हूं। नियम सबके लिए समान हैं। यह मुश्किल है। हम चार तेज गेंदबाजों के साथ खेल रहे हैं। यह एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें हमें बेहतर होने की जरूरत है। प्वॉइंट गंवाना निराशाजनक है। भारत में कोई परेशानी नहीं है। इसे विदेशो में देखने की जरूरत है। गौरतलब है कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में स्लो ओवर रेट के लिए भारतीय क्रिकेट टीम पर शुक्रवार को मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा तय समय में ओवर पूरे नहीं करने के लिए टीम इंडिया का आईसीसी मेंस वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप से एक प्वॉइंट काटा गया। सेंचुरियन टेस्ट में विराट कोहली की अगुवाई में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 113 रन से हराकर इतिहास रचा था।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने हाल में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लिया है। संन्यास के बाद उनके भविष्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही है। किसी का कहना है कि वह अब पंजाब विधानसभा चुनाव में उतरेंगे, तो कुछ लोगों का कहना है कि वह आईपीएल में किसी टीम के साथ बतौर सपोर्ट स्टाफ जुड़ने वाले हैं। हालांकि, भज्जी फ्यूचर में क्या करेंगे यह तो वक्त ही बताएगा। लेकिन फिलहाल उन्होंने साफ कर दिया है कि वह किसी भी तरह से "समझौता" नहीं करेंगे। दिग्गज ऑफ स्पिनर से जब यह पूछा गया कि रिटायरमेंट के बाद भी खिलाड़ी जल्दी बीसीसीआई से पंगा नहीं लेते हैं, ऐसे में उनका आगे का क्या प्लान है तो भज्जी ने जी न्यूज के साथ बातचीत में कहा, मैं एक ऐसा इंसान रहा हूं जो सही को सही और गलत को गलत कहता है। मुझे लगता है कि जिस किसी को एक ईमानदार आदमी की कद्र होती है, वह मुझे जरूर कहेंगे कि आप आइए और ये काम करना है और आप कर सकते हो। मुझे किसी के तलवे नहीं चाटने हैं कि मुझे कोई खास काम दिया जाए। फिर चाहे वह किसी भी क्रिकेट एसोसिएशन का काम हो या किसी भी तरह से हो। मैं कड़ी मेहनत करके यहां तक पहुंचा हूं।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टीम 2022 की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट से करेगी। तीन जनवरी से जोहानिसबर्ग में टीम इंडिया सीरीज को जीतने के इरादे से उतरेगी। विराट कोहली की कप्तानी में अगर भारतीय टीम दूसरा टेस्ट मैच जीत लेती है तो दक्षिण अफ्रीका में उसकी पहली सीरीज जीत होगी। संयोग से जिस मैदान पर यह मैच खेला जाएगा वह टीम इंडिया का अजेय किला रहा है। जोहानिसबर्ग में भारतीय टीम अब तक एक भी टेस्ट मैच नहीं हारी है। वह पहली बार यहां 26 से 30 नवंबर तक 1992 में टेस्ट मैच खेली थी। वह मुकाबला ड्रॉ रहा था। इसके बाद 16 से 20 जनवरी तक 1997 में खेला गया मैच भी ड्रॉ रहा था। टीम इंडिया को इस मैदान पर पहली जीत 2006 में मिली थी। 15 से 18 दिसंबर तक हुए उस मैच को भारतीय टीम 123 रन से जीतने में कामयाब हुई थी। वह दक्षिण अफ्रीका में किसी भी मैदान पर पहली टेस्ट जीत थी। भारतीय टीम पिछली बार जोहानिसबर्ग में 2018 में खेली थी। 24 से 27 जनवरी तक चले उस मुकाबले को विराट कोहली की टीम ने 63 रन से अपने नाम किया था। कोहली दक्षिण अफ्रीका में दो टेस्ट मैच जीतने वाले पहले कप्तान बन चुके हैं। अब उनकी नजर तीसरी जीत पर होगी। अगर भारतीय टीम यहां मैच जीत लेती है तो इतिहास रच देगी। कोहली की नजर निजी उपलब्धि पर भी होगी। अगर वो जोहानिसबर्ग टेस्ट को जीत लेते हैं तो संयुक्त रूप से दुनिया के तीसरे सफलतम टेस्ट कप्तान बन जाएंगे। विराट ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज कप्तान रहे स्टीव वॉ की बराबरी कर लेंगे। कोहली ने 67 मैचों में कप्तानी की है और 40 में जीते हैं। स्टीव वॉ को 57 मैचों में से 41 में जीत मिली थी। कोहली दूसरा टेस्ट जीतकर वॉ की बराबरी कर लेंगे। जोहानिसबर्ग में सफलता के बाद उनसे आगे सिर्फ रिकी पोंटिंग (48 जीत) और दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ (53 जीत) रह जाएंगे। कोहली के लिए 2021 का साल टेस्ट में कप्तान के तौर पर शानदार रहा है। उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने इंग्लैंड के अपने घरेलू मैदान टेस्ट सीरीज में हराया। उसके बाद इंग्लैंड में जाकर सीरीज में 2-1 की बढ़त बनाई। फिर न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने घर में सीरीज जीतने में सफलता हासिल की। साल का अंत सेंचुरियन टेस्ट जीतकर किया।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। बीसीसीआई ने दक्षिण अफ्रीकी दौरे के लिए भारतीय वनडे टीम की घोषणा कर दी है। केएल राहुल टीम इंडिया के नए कप्तान बनाए गए हैं। चोट के चलते रोहित शर्मा वनडे सीरीज नहीं खेलेंगे। वहीं, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह नए उपकप्तान होंगे। रविचंद्रन अश्विन की चार साल बाद वनडे टीम में वापसी हुई है। 18 सदस्यीय वनडे टीम में छह बल्लेबाज, दो विकेटकीपर, दो ऑलराउंडर, दो स्पिनर और छह तेज गेंदबाज हैं। ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर टीम में नया चेहरा होंगे। वहीं, पूर्व कप्तान विराट कोहली दूसरी बार किसी और कप्तान के अंदर वनडे खेलते दिखेंगे। इससे पहले कोहली महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में खेल चुके हैं। रोहित हैमस्ट्रिंग की चोट से जूझ रहे थे। वह फिलहाल नेशनल क्रिकेट अकेडमी (एनसीए) में रिहैब कर रहे हैं। केएल राहुल पहली बार टीम की कप्तानी करेंगे। वह इससे पहले आईपीएल में पंजाब किंग्स की कप्तानी कर चुके हैं। बुमराह को भी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। राहुल की गैरमौजूदगी में बुमराह कप्तानी करेंगे। ऋतुराज गायकवाड़ भी वनडे टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। वह श्रीलंका के खिलाफ जुलाई में खेली गई वनडे सीरीज में टीम में शामिल थे। ऋतुराज हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने इस टूर्नामेंट में चार शतक लगाए थे। इसके अलावा शिखर धवन भी जगह बनाने में कामयाब हुए। मध्यक्रम की जिम्मेदारी कोहली के अलावा सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत पर होगी। पंत के कवर के तौर पर ईशान किशन को भी जगह मिली है। वहीं, टीम के पास अश्विन के अलावा युजवेंद्र चहल और वॉशिंगटन सुंदर के रूप में दो स्पिनर होंगे। टीम में छह स्पेशलिस्ट तेज गेंदबाजों को शामिल किया गया है। इसमें बुमराह के अलावा भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर, प्रसिद्ध, शार्दुल और सिराज शामिल हैं। वनडे सीरीज के लिए टीम इंंडिया : केएल राहुल (कप्तान), जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), शिखर धवन, ऋतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, वेंकटेश अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), युजवेंद्र चहल, रविचंद्रन अश्विन, वॉशिंगटन सुंदर, भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर, प्रसिद्ध कृष्ण, शार्दुल ठाकुर, मो सिराज।
एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। दुबई के मैदान पर टीम इंडिया ने अंडर-19 एशिया कप का फाइनल अपने नाम कर लिया है। श्रीलंका के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया को बारिश के कारण 102 रनों का लक्ष्य मिला था। जिसे उन्होंने ओपनर हरनूर सिंह का विकेट गंवाकर आसानी से हासिल कर लिया। इससे पहले श्रीलंका ने पहले खेलते हुए 38 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 106 रन बनाए तभी बारिश आ गई। जवाब में भारतीय टीम को 99 रन का लक्ष्य मिला। लेकिन एक बार फिर बारिश आने के कारण यह लक्ष्य 102 कर दिया गया। लेकिन टीम इंडिया के प्रमुख बल्लेबाजों ने जरूरी रन बनाकर टीम इंडिया को एशिया चैम्पियन बना दिया। इससे पहले श्रीलंकाई टीम ने पहले बल्लेबाजी की। ओपनर चामिंदु और डेनियल टीम को अच्छी शुरूआत नहीं दे सके। चामिंदु ने 2 तो डेनियल ने 6 रन बनाए। वहीं, विकेटकीपर बंडारा महज 9 रन बना पाए। 31 रन पर 3 विकेट गिरने के बाद श्रीलंकाई बल्लेबाज दबाव में आ गए। श्रीलंकाई मध्यक्रम तो पूरी तरह से भारतीय गेंदबाजों के आगे नतमस्तक होता दिखाई दिया। राजपक्षे ने 14, पवन ने 4, रानुदा ने 7 तो कप्तान वेललेज ने महज 9 रन बनाए। अंत में डीसिल्वा ने 15, रोडरिगो ने नाबाद 19 तो पथिराना ने 14 रन बनाकर श्रीलंकाई टीम को 100 से ज्यादा स्कोर बनाने में मदद की लेकिन तभी बारिश आ गई। अंत में डीएलएस मैथ्ड के अनुसार भारतीय टीम को 38 ओवरों में 99 रन बनाने का लक्ष्य मिला। टीम इंडिया खेलने उतरी तो एक बार फिर से बारिश ने खलल डाला। अंत में 102 रन का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने रघुवंशी और शेख रशीन की पारियों की बदौलत जीत हासिल कर ली। टीम इंडिया की शुरूआत अच्छी नहीं रही थी। ओपनर हरनूर सिंह महज महज पांच रन बनाकर श्रीलंकाई गेंदबाज रोडरिगो की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए थे। लेकिन इसके बाद रघुवंशी और रशीद ने मजबूत साझेदारी आगे बढ़ाई। श्रीलंकाई बॉलरों ने भरसक प्रयास किया लेकिन टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने उनकी एक न चलने दी और ऐतिहासिक जीत हासिल की।
अब स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टीम ने पहले टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका को 113 रन से हरा दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे भारत ने पहली पारी में 327 रन बनाए थे। भारत के सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल और मयंक अग्रवाल ने पहले विकेट के लिए 117 रन की साझेदारी कर जीत की नींव रखी थी। इसके बाद तेज गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और दोनों पारियों में अफ्रीकी टीम को छोटे स्कोर पर आउट कर भारत को जीत दिलाई। इस मैच में भारतीय टीम ने दूसरी पारी में 174 रन बनाए थे। विकेटकीपर ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा 34 रन बनाए थे। वहीं राहुल ने 23 और रहाणे ने 20 रन की पारी खेली थी। अफ्रीका के लिए कगिसो रबादा और मार्को जानेसन ने चार-चार विकेट लिए थे। वहीं दो विकेट लुंगी एनगिडी के नाम रहे थे। इसके जवाब में अफ्रीकी टीम 191 रन ही बना पाई और 113 रन से यह मैच हार गई। दूसरी पारी में अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर ने 77 रन बनाए। उनके अलावा टेम्बा बावुमा ने 35 और क्विंटन डिकॉक ने 21 रन बनाए।
एबीएन डेस्क। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला सेंचुरियन में खेला जा रहा है। इस मैच के पहले ही बारिश की संभावना जताई गई थी और हुआ भी वैसा ही। पहले दिन तो अनुलमान के उलट कोई बारिश नहीं हुई, लेकिन दूसरे दिन बारिश की वजह से कोई खेल नहीं हो सका। तीसरे और दिन पूरा खेल हुआ और टीम इंडिया जीत के करीब पहुंच चुकी है। ऐसे में बारिश पांचवें दिन भारत का खेल खराब कर सकती है। इस मैच में भारत की पकड़ मजबूत है। टीम इंडिया ने चौथे दिन का खेल समाप्त होने अफ्रीका के चार विकेट गिरा लिए हैं। दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 211 रन की जरूरत है और भारत को छह विकेट लेने हैं। ऐसे में भारतीय फैंस उम्मीद करेंगे कि आज कम से कम दो सत्र का खेल हो सके और भारतीय गेंदबाज अफ्रीका को जल्दी आउट करके मैच जीतें। कैसा रहेगा पांचवें दिन का मौसम : मौसम से जुड़ी वेबसाइट एक्यूवेदर के अनुसार सेंचुरियन में पांचवें दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। वहीं दोपहर के समय बारिश और तूफान आने की संभावना भी है। वहीं यहां का तापमान 16 से 27 डिग्री के बीच रहेगा। इस मैच में शुरुआती दो दिन के अलावा पांचवें दिन ही बारिश की संभावना थी। हालांकि पहले दिन बारिश नहीं हुई थी। ऐसे में भारतीय फैंस उम्मीद करेंगे कि पांचवें दिन भी बारिश न हो और भारत यह मैच जीत सके।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse