खेल समाचार

View All
Published / 2022-01-12 17:14:30
तीसरा टेस्ट : दूसरी पारी में भारत का स्कोर 57/2, कुल 70 रनों की बढ़त

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की सीरीज का निर्णायक टेस्ट मैच केपटाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में खेला जा रहा है। दूसरे दिन भारतीय टीम के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की। टीम की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक 5 विकेट लिए हैं। साउथ अफ्रीका की टीम 210 रनों पर सिमट गयी, जिससे भारत को 13 रनों की बढ़त हासिल हुई है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने दो विकेट के नुकसान पर 57 रन बना लिए थे। इस प्रकार भारत की कुल बढ़त 70 रनों की हो गयी। चेतेश्वर पुजारा (9) और कप्तान विराट कोहली (14) क्रीज पर डंटे हुए थे। बता दें कि इससे पहले दूसरे दिन के पहले ही ओवर में जसप्रीत बुमराह ने एडेन मार्करम को आउट कर दक्षिण अफ्रीका को बड़ा झटका दिया था। इसके बाद उमेश यादव ने केशव महाराज को आउट कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई थी। वहीं टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहले दिन 223 रन बनाए थे।

Published / 2022-01-11 17:43:59
तीसरा टेस्ट : भारत की पहली पारी 223 पर सिमटी, अफ्रीका 17/1

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा और निर्णायक टेस्ट मैच केपटाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारत ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारतीय टीम ने कप्तान विराट कोहली के 79 रन और चेतेश्वर पुजारा के 43 रन की बदौलत अपनी पहली पारी में 223 रन बनाए हैं। इतिहास रचने के इरादे से उतरी भारतीय टीम ने तीसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में शुरुआत अच्छी की थी। लेकिन केएल राहुल और मयंक अग्रवाल की जोड़ी पहले विकेट के लिए सिर्फ 31 रन जोड़ सकी। मयंक और राहुल लगातार ओवरों में अपना विकेट गंवा बैठे थे। लंच के बाद चेतेश्वर पुजारा 43 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अजिंक्य रहाणे भी सिर्फ 12 गेंद खेल सके। उन्हें रबाडा ने कैच आउट करवाया। रहाणे ने 9 रन बनाया। कोहली ने 158 गेंद खेलकर अर्धशतक पूरा किया। वह 201 गेंद में 79 रन बनाकर आउट हुए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से कगिसो रबाडा ने 4 और मार्को जेनसेन ने 3 विकेट झटके। दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। भारत के पास तीसरा टेस्ट जीतकर दक्षिण अफ्रीका में पहली बार टेस्ट सीरीज जीतने का मौका है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका की टीम एक विकेट के नुकसान पर 17 रन बना चुकी थी। नाईट वॉचमैन की भूमिका में आये केशव महाराज (6) और मर्क्रम (8) क्रीज पर बने हुए थे। इससे पहले भारतीय पेशर जसप्रीत बुमराह ने अफ्रीकी कप्तान एल्गर (3) को पुजारा के हाथों कैच कराकर मेजबान टीम को जोरदार झटका दिया।

Published / 2022-01-11 12:43:01
आइपीएल से वीवो की छुट्टी, 2022 में होगा टाटा आईपीएल

एबीएन सेंट्रल डेस्क। आईपीएल 2022 में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। टाइटल स्पॉन्सर करने वाली मोबाइल कंपनी वीवो ने लीग के स्पॉन्सरशिप से अपना नाम वापस ले लिया है। टाटा ग्रुप ने वीवो को टाइटल स्पॉन्सर के रूप में रिप्लेस किया है। आईपीएल के चेयरमैन ब्रिजेश पटेल ने भी इसकी पुष्टि की है। मंगलवार को आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की मीटिंग के दौरान उन्होंने कहा कि हां, टाटा ग्रुप आईपीएल टाइटल स्पॉन्सर के रूप में आ रहा है। आने वाला सीजन यानी आईपीएल 2022 को टाटा आईपीएल के नाम से जाना जाएगा। ब्रिजेश पटेल ने कहा कि वीवो ने अधिकारों के हस्तांतरण का अनुरोध किया था, जिसे गवर्निंग काउंसिल ने पारित कर दिया। इन अधिकारों के हस्तांतरण से भी बीसीसीआई को 440 करोड़ रुपये की ही आमदनी होगी। वीवो के पास अभी भी दो साल की स्पॉन्सरशिप बची हुई थी। अब हस्तांतरण के बाद टाटा इतने समय (दो साल) तक आईपीएल को स्पॉन्सर करेगा। वीवो ने 2018 में आईपीएल के लिए टाइटल स्पॉन्सरशिप 440 करोड़ प्रति वर्ष में खरीदी थी। भारत-चीन सीमा गतिरोध के कारण आईपीएल 2020 सीजन में यह सौदा स्थगित कर दिया गया था। आईपीएल 2022 में आठ की जगह 10 टीमें खेलती दिखाई पड़ेंगी। अहमदाबाद और लखनऊ दो नई फ्रेंचाइजी हैं। बीसीसीआई ने आईपीएल के लिए दो नई टीमों का एलान 25 अक्तूबर को किया था। लखनऊ को आरपीएसजी वेंचर्स लिमिटेड ने 7090 करोड़ रुपये और अहमदाबाद को सीवीसी कैपिटल ने 5625 करोड़ रुपये में खरीदा था।

Published / 2022-01-11 07:54:46
विराट के पास दक्षिण अफ्रीका में पहली टेस्ट सीरीज जीतने का मौका

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच केपटाउन के मैदान पर खेला जा रहा है। इस सीरीज में दोनों टीमें एक-एक की बराबरी पर हैं। भारत ने सीरीज का पहला मैच सेंचुरियन के मैदान पर 113 रनों से जीता था। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे मैच में वापसी की और जोहानिसबर्ग में सात विकेट से जीत दर्ज की। अब तीसरा मैच निर्णायक हो चुका है और केपटाउन में जीत दर्ज करने वाली टीम ही सीरीज भी अपने नाम करेगी। भारतीय टीम अब तक दक्षिण अफ्रीका में कोई टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाई है। ऐसे में विराट कोहली चाहेंगे कि केपटाउन में जीत दर्ज करके भारत उनकी कप्तानी में यहां पहली टेस्ट सीरीज जीते। भारतीय कप्तान विराट कोहली पीठ में तकलीफ के चलते सीरीज का दूसरा मैच नहीं खेले थे। लोकेश राहुल ने इस मैच में भारत की कप्तानी की थी। हालांकि कोहली तीसरे मैच के लिए फिट हो चुके हैं और उनका खेलना तय है। वहीं तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज दूसरे टेस्ट के दौरान चोटिल हुए थे और उनकी जगह ईशांत शर्मा को भारतीय टीम में मौका दिया जा सकता है। दूसरे टेस्ट में विराट की जगह हनुमा विहारी को टीम में जगह मिली थी और उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की थी, लेकिन तीसरे मैच में उन्हें टीम से बाहर जाना होगा।

Published / 2022-01-11 07:49:33
"क्रिकेट के भगवान" को मना रहे सचिव जय शाह, बीसीसीआई में बड़ी जिम्मेदारी देने की तैयारी

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। दुनिया के महान बल्लेबाजों में से एक भारत के सचिन तेंदुलकर को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। तेंदुलकर के साथ सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण भारतीय क्रिकेट सबसे बड़े चेहरों में शामिल हैं। मौजूदा समय में गांगुली, बीसीसीआई के अध्यक्ष हैं तो वहीं द्रविड़ को हाल में टीम इंडिया का हेड कोच बनाया गया है। उन दोनों के अलावा लक्ष्मण को नेशनल क्रिकेट अकादमी (एनसीए) का प्रमुख बनाया गया है। लेकिन तेंदुलकर ही बचे हुए हैं, जिन्हें बीसीसीआई में अबतक कोई जिम्मेदारी नहीं मिली है। हालांकि बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने अब संकेत दिए हैं तेंदुलकर भी बोर्ड के किसी नए रोल में दिख सकते हैं। द टाइम्स आफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने कहा है कि द्रविड़ को हेड कोच और लक्ष्मण को एनसीए हेड चुनने के बाद तेंदुलकर को भी बोर्ड में कोई रोल मिल सकता है। शाह ने कहा है कि वह इसके लिए "क्रिकेट के भगवान" को मनाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि सचिन को सेलेक्शन कमिटी में कोई भूमिका दी जा सकती है। वहीं, सचिन का इस बारे में अबतक कोई बयान नहीं आया है। लेकिन खबरों में कहा गया है कि बीसीसीआई सचिव भारत के महान बल्लेबाज को मनाने का प्रयास कर रहे हैं।

Published / 2022-01-10 17:29:44
आईपीएल 2022 : अहमदाबाद टीम की कप्तानी करते दिखेंगे हार्दिक पंड्या

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2022 के लिए अहमदाबाद फ्रेंचाइजी ने हार्दिक पंड्या को कप्तान बनाने का फैसला लिया है। बता दें कि पंड्या को मुंबई इंडियंस ने रिटेन नहीं किया था। हार्दिक 2019 में इंग्लैंड में खेले गए वनडे वर्ल्ड से ही फिटनेस से जूझ रहे हैं। उन्होंने पीठ की सर्जरी भी कराई, लेकिन इसके बावजूद वे बॉलिंग फिटनेस हासिल नहीं कर सके। आईपीएल के पिछले सीजन में उन्होंने बॉलिंग नहीं की। टी-20 वर्ल्ड कप के शुरुआती मैचों में भी उन्होंने बॉलिंग नहीं की। इस कारण पंड्या को आखिरकार भारतीय टीम से अपनी जगह गंवानी पड़ी। साथ ही मुंबई इंडियंस ने भी उन्हें रिटेन न करने का फैसला किया। क्रिकेट पंडितों की मानें तो पंड्या गुजरात के हैं और स्थानीय फैंस के बीच उनकी लोकप्रियता को भुनाने के लिए फ्रेंचाइजी ने उन्हें कप्तान बनाया है। फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि पंड्या अगर बॉलिंग नहीं भी करते हैं तो भी टीम के लिए फायदे का सौदा साबित होंगे। हार्दिक पंड्या के अलावा अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान के भी अहमदाबाद टीम से जुड़ने की खबर आ रही है। पिछले सीजन में राशिद हैदराबाद की ओर से खेले थे। इस बार उन्होंने खुद को टीम से अलग कर लिया था। इंडियन प्रीमियर लीग में इस साल कुल 10 टीमें होंगी। पिछले महीने टीमों ने अपनी पसंद के अधिकतम चार खिलाड़ियों की लिस्ट आईपीएल प्रबंधन को सौंपी थी। लखनऊ और अहमदाबाद टीम को अपने कुछ खिलाड़ियों की लिस्ट इस महीने के दूसरे सप्ताह तक सौंपनी है। आईपीएल में इस बार मेगा ऑक्शन होना है। यह ऑक्शन 7 और 8 फरवरी को चेन्नई में होगा।

Published / 2022-01-09 18:06:39
तीसरा टेस्ट : टीम इंडिया को केपटाउन में पहली जीत की तलाश

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में दोनों टीमें एक-एक की बराबरी पर हैं। भारत ने सेंचुरियन में पहला टेस्ट मैच जीता, तो वहीं दक्षिण अफ्रीका ने वांडरर्स स्टेडियम में बाजी अपने नाम की। अब दोनों टीमों के बीच तीसरा और निर्णायक मुकाबला केप टाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर 11-15 जनवरी तक खेला जाएगा। इस अहम मुकाबले के लिए दोनों टीमें केपटाउन में पहुंच चुकी हैं और अभ्यास भी शुरू कर दिया है। भारतीय टीम ने यहां पहुंचकर पहले अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया और रविवार को नेट्स में जमकर पसीना बहाया। इस दौरान दूसरे टेस्ट से बाहर रहे कप्तान विराट कोहली भी बल्लेबाजी करते दिखे। विराट के तीसरे टेस्ट में वापसी करने की पूरी संभावना है और ऐसी हालत में टीम इंडिया को मजबूती मिलेगी। भारतीय क्रिकेट टीम के लिए सीरीज जीत के लिहाज से केपटाउन टेस्ट काफी महत्वपूर्ण हो गया है। इस मैदान में आंकड़े भारत के ज्यादा अनुकूल नहीं रहे हैं। भारतीय टीम ने यहां अब तक एक भी टेस्ट नहीं जीता है। टीम इंडिया ने यहां जो पांच टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें तीन में हार मिली है जबकि दो अनिर्णित रहे हैं। वर्ष 1993 में मुकाबला ड्रॉ रहा, उसके बाद 1997 में 282 रन से और 2007 में पांच विकेट से हारे। इसके अलावा 2011 में टेस्ट ड्रॉ रहा जबकि पिछले दौरे में 2018 में 72 रन से हार मिली थी।

Published / 2022-01-09 14:00:51
IPL 2022: कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने बढ़ाई बीसीसीआई की चिंता

एबीएन डेस्क। आईपीएल पर एक बार फिर से कोरोना के संकट मंडरा रहा है। आईपीएल 2020 का आयोजन कोविड-19 के कारण यूएई में हुआ था। अगले साल 2021 में टूर्नामेंट शुरू तो भारत में हुआ, लेकिन बायो-बबल में कोविड-19 मामले आने के बाद उसे 30 मैच के बाद रोक दिया गया था। फिर सितंबर-अक्टूबर में यूएई में दूसरे चरण का आयोजन हुआ था। अब फिर से ऐसा लग रहा है कि 2022 में भी कोविड-19 के कारण टूर्नामेंट भारत से बाहर हो सकता है। पिछले साल बीसीसीआई को टी20 वर्ल्डकप का भी आयोजन यूएई-ओमान में करना पड़ा था। भारत में एक बार फिर कोविड-19 की स्थिति बिगड़ती जा रही है और देश में प्रतिदिन एक लाख से अधिक मामले आ रहे हैं। भारत में कई राज्यों में कोरोना के कारण स्थिति खराब है। संक्रमण का असर क्रिकेट पर भी पड़ा है। बीसीसीआई पहले ही कई घरेलू टूर्नामेंट रद्द कर चुका है और कोविड का असर अब आईपीएल 2022 पर भी पड़ने वाला है। भारत में ही आईपीएल का आयोजन कराना चाहता है बोर्ड : बीसीसीआई को उम्मीद है कि आने वाले महीनों में स्थिति ठीक हो जाएगी, लेकिन अगर स्थिति बिगड़ती है तो वह टूर्नामेंट को विदेश ले जाने के लिए तैयार है। इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के अनुसार, फिलहाल बीसीसीआई टूर्नामेंट को भारत में कराने के बारे में ही सोच रहा है। इंडिया टुडे ने एक सूत्र के हवाले से कहा, हम सभी विकल्प तलाश रहे हैं जिसमें विदेश में आईपीएल भी शामिल है, लेकिन हमारा ध्यान भारत में आईपीएल की मेजबानी सुनिश्चित करने पर है। अभी हमारी प्राथमिकता खिलाड़ियों की नीलामी है, हम जल्द ही फैसला करेंगे। वेस्टइंडीज और श्रीलंका के खिलाफ सीरीज खेलेगी टीम इंडिया : टीम इंडिया को आईपीएल के आयोजन से पहले वेस्टइंडीज और श्रीलंका की मेजबानी करनी है। आईपीएल के संबंध में अंतिम निर्णय दोनों टीमों के खिलाफ सीरीज के बाद ही लिया जा सकता है। आईपीएल 2022 के लिए बोर्ड बड़ी नीलामी की मेजबानी करने वाला है। चूंकि यह एक बड़ी नीलामी है, इसलिए यह दो दिन का होगा। क्रिकबज के अनुसार, नीलामी 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में होने वाली है। मुंबई में भी हो सकते हैं आईपीएल के सारे मैच : इससे पहले क्रिकबज ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि बीसीसीआई कोरोना के बढ़ते मामलों को देखकर आईपीएल को सिर्फ मुंबई में करा सकता है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि बीसीसीआई अभी दो विकल्पों पर विचार कर रहा है। पहला- 10 टीमों के साथ 10 मैदानों पर मैच और दूसरा 10 टीमों के साथ मुंबई के तीन मैदानों पर मैच। अब देखना है कि बीसीसीआई कोरोना काल में आईपीएल को लेकर क्या फैसला लेता है।

Page 185 of 217

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse