प्रकृति पर्व करम की पूर्व संध्या पर मोरहाबादी के दीक्षांत मंडप में भव्य समारोह
टीम एबीएन, रांची। प्रकृति पर्व करम की पूर्व संध्या पर आज रांची कॉलेज, मोरहाबादी स्थित दीक्षांत मंडप में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोहरदगा लोकसभा सांसद सह छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत, खिजरी के विधायक राजेश कच्छप, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की एवं कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। कार्यक्रम में आदिवासी समाज के पाहन, पुजार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थीं।
सांसद ने कहा कि करम पर्व सिर्फ एक पर्व नहीं है, यह आदिवासियों की जीवन पद्धति है, हमारा महान पर्व है। यह पर्व हमें प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रेरित करता है। यह पर्व भाई-बहन के अटूट प्रेम का भी पर्व है। जैसे एक बहन अपने भाई की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए करम राजा की पूजा करती है, वैसे ही हम सबको मिलकर अपनी धरती माता, अपने जल-जंगल-जमीन की रक्षा का संकल्प लेना है।
आज के समय में जब पूरी दुनिया ग्लोबल वार्मिंग से जूझ रही है, तब हमारा करम पर्व दुनिया को संदेश देता है कि प्रकृति से प्रेम करो, उसे संरक्षित करो। सांसद अतिथियों के साथ सामूहिक में भी सहभागिता निभाएं। सांसद ने सभी को करम पर्व की हार्दिक बधाई दी।