गंभीर रूप से घायल व्यक्ति अस्पताल में इलाजरत, मामले की जांच में जुटी पुलिस
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मरकच्चो/नवलशाही। थाना क्षेत्र अंतर्गत धरगांव पंचायत के ग्राम बनपोक में गुरुवार की रात गणपति पूजा के हिसाब को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गयी। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को मामूली चोट आई है।
घायलों की पहचान शंकर साव (40 वर्ष), पिता चेतन साव और सोनू साव (38 वर्ष), पिता दाशी साव, दोनों साकिन बनपोक, थाना नवलशाही के रूप में हुई है।घायल शंकर साव ने बताया कि गणपति पूजा के हिसाब को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गयी।
आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने ईंट, चाकू और कुल्हाड़ी से उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर और छाती में गंभीर चोटें आईं। उन्होंने सोनू साव, पिता दाशी साव, दिवाकर साव, पिता दाशी साव, उनकी पत्नी और भांजा सूरज साव पर मारपीट का आरोप लगाया है।
दूसरे पक्ष ने भी लगाया मारपीट का आरोप
शंकर साव का इलाज सदर अस्पताल, कोडरमा में चल रहा है। वहीं, दूसरे पक्ष के सोनू साव ने भी शंकर साव और उनकी पत्नी पर मारपीट का आरोप लगाया है और जान से मारने की धमकी देने की बात कही है। फिलहाल नवलशाही थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।