कोडरमा जिला परिवहन पदाधिकारी की बड़ी कार्रवाई
एबीएन न्यूज नेटवर्क, चंदवारा (कोडरमा)। जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) विजय कुमार सोनी ने क्षेत्र में अवैध और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। जिला परिवहन पदाधिकारी ने चंदवारा थाना क्षेत्र के मदनगुंडी के समीप सघन चेकिंग अभियान चलाकर ओवरलोड स्टोन चिप्स (गिट्टी) लदे दो भारी टिप टेलर वाहनों को पकड़ा।
जब्त वाहनों में एक 24 चक्का टिप टेलर (बीआर 27 जीबी 7252) और दूसरा 16 चक्का टिप टेलर (जेएच 2 बीएल 9107) शामिल है। दोनों ही वाहनों पर क्षमता से अत्यधिक मात्रा में स्टोन चिप्स लोड था, जो सड़क सुरक्षा नियमों का सरेआम उल्लंघन है। कार्रवाई के बाद जिला परिवहन पदाधिकारी के निर्देश पर दोनों ओवरलोड वाहनों को सुरक्षित ढंग से चंदवारा थाना परिसर में रखवा दिया गया है।
परिवहन विभाग द्वारा वाहनों के मालिकों और चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत आगे की कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है। डीटीओ ने स्पष्ट किया है कि जिले में ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।