झारखंड
सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम से प्राप्त आवेदनों का करें गुणात्मक निष्पादन : आयुक्त
ABN Bureau
•
22 Oct, 2022
2 Views
विज्ञापन
टीम एबीएन गढ़वा, (पलामू)/ रांची। आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाना है। शिविर में प्राप्त आवेदनों का गुणात्मक निष्पादन जरूरी है। आवेदनों का सत समय निष्पादन नहीं होने से लोगों में निराशा का भाव आएगा इसलिए पदाधिकारी प्राप्त आवेदनों का निष्पादन रिलीजियस मोड में कराना सुनिश्चित करें, ताकि लोगों का उत्साह बना रहे। यह बातें आयुक्त जटा शंकर चौधरी ने कही। वे आज आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम के तहत पलामू प्रमंडल के गढ़वा जिले के कोरवाडीह पंचायत में आयोजित शिविर में बोल रहे थे।
आयुक्त ने लोगों से अपील किया कि वे जागरूक रहें और योजनाओं का लाभ लेने के लिए आगे आएं। सरकार के इस सकारात्मक पहल को हाथों-हाथ लें। सभी मिलकर कार्य करेंगे, तो कार्य सरल होगा और उसमें सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से कोई योग्य लाभुक वंचित न रहें। इसका ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को योजनाओं का लाभ देने के साथ-साथ हुनरमंद बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। ऐसे में लोगों को भी जिम्मेदारी बनती है कि वे हुनरमंद बनें और अपने में उद्यमिता का विकास करें। रोजगार सृजनकर्ता बनने से और अधिक लाभ होगा। उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत किशोरियों को लाभान्वित किए जाने का कार्य हो रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य बालिका शिक्षा पर जोर देना, बाल विवाह जैसी कुरीतियों का समापन तथा महिला सशक्तिकरण पर बल देना है। साथ ही किशोरियों को अपने जीवन के संबंध में स्वतंत्र निर्णय लेने हेतु सक्षम बनाना है। जब किशोरियां/बालिकाएं शिक्षित होंगी, तो परिवार शिक्षित होगा और परिवार शिक्षित होगा तो समाज में व्याप्त कुरीतियां समाप्त होंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के संबंध में लोगों को जागरूक होकर लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस योजना से लोगों को स्वरोजगार करने में आसानी होगी। लोग अपनी हैसियत के हिसाब से सब्सिडी के साथ ऋण लेकर रोजगार सृजन कर सकते हैं। फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान से जुड़कर महिलाएं सम्मानजनक जिंदगी जीने लगी है। हड़िया-दारु निर्माण एवं बिक्री से मजबूरन जुड़ी महिलाओं को आजीविका के वैकल्पिक साधन उपलब्ध कराकर सरकार ने सम्मानजनक जीविका से जोड़ने का काम कर रही है, ताकि महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर वैकल्पिक आजीविका का लाभ उठा सकें। उन्होंने महिलाओं को इस योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। आयुक्त ने गढ़वा जिला प्रशासन की ओर से लोगों को लाभ पहुंचाने के दिशा में किए जा रहे बेहतर प्रयास की सराहना की और पूरी टीम को बधाई दी। साथ ही जनप्रतिनिधियों के सहयोग की भी सराहना की।
गढ़वा के उप विकास आयुक्त राजेश कुमार राय ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर लोग रोजगार सृजन करें और बेहतर जिंदगी जिएं। जानकारी के अभाव में सरकार की योजनाओं का लाभ लोग नहीं ले पाते हैं। ऐसे में आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन कर विभिन्न पंचायतों के लोगों को जागरूक करने से लेकर लाभान्वित करने का कार्य की जा रही है। आमलोगों को सरकारी कार्यालय तक पहुंचने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है, बल्कि सरकारी पदाधिकारी ही उनके पास पहुंचे हैं। उन्होंने आम लोगों से शिविर में आवेदन देने एवं योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही महिला सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि सर्वजन पेंशन योजना से एक ओर जहां वृद्धजनों को सम्मान मिला है। वहीं सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान के माध्यम से बालिकाओं एवं महिलाओं को सम्मान मिला है। इन योजनाओं का लाभ लेकर लोग सशक्त बनें। साथ ही मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना से जुड़कर महिलाएं अपनी छोटी-छोटी रोजगार परक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर सकती हैं।
कार्यक्रम में समाजसेवी तनवीर आलम, धीरज दुबे, मुखिया शरीफ अंसारी आदि ने आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला और सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों से अपील की। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहां सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लोगों को दिया जा रहा था। अतिथियों ने भी लाभुकों को आॅन स्पॉट योजनाओं का लाभ दिया। साथ ही परिसंपत्तियों का भी वितरण किया। वहीं महिलाओं को गोद भराई तथा बच्चों को अन्न प्रासन जैसे रस्म पूरे किए गए। ढंड के मद्देनजर जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का भी वितरण किया गया। आयुक्त सहित अन्य अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम में आयुक्त जटा शंकर चौधरी के अलावा उप विकास आयुक्त राजेश कुमार राय, भूमि संरक्षण पदाधिकारी रामाश्रय राम, समाज कल्याण पदाधिकारी पूर्णिमा देवी, कल्याण पदाधिकारी नीलेश मुर्मू, जिप सदस्य जयदुल्ला अंसारी, मुखिया सरीफ अंसारी, प्रमुख विमला देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमुद झा, अंचल अधिकारी मयंक भूषण, जेएसएलपीएस के डीपीएम सुरेश सिंह, समाजसेवी तनवीर आलम, धीरज दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित थे।
विज्ञापन