टीम एबीएन, रांची। बिरसा मुंडा सेवा संस्थान ने आज मेसरा स्थित संस्थान के नूतन परिसर में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया। यह शिविर बिरसा मुंडा सेवा संस्थान एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, रांची महानगर के संयुक्त तत्वावधान में आयरिस हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित हुआ।
शिविर में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच करायी। अनुभवी चिकित्सकों एवं चिकित्सा दल ने नेत्र संबंधी विभिन्न समस्याओं की जांच की तथा आवश्यक परामर्श प्रदान किया। जरूरतमंद मरीजों को आगे के उपचार के संबंध में भी उचित चिकित्सकीय सलाह दी गयी।
इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि समाज के जरूरतमंद एवं वंचित लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना संस्थान का प्रमुख उद्देश्य है। ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से समय पर जांच और उचित चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
शिविर के सफल आयोजन में बिरसा मुंडा सेवा संस्थान, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ रांची महानगर तथा कफकर हॉस्पिटल के चिकित्सकों एवं कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उक्त जानकारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के रांची महानगर प्रचार विभाग के शिवेंदु सागर ने दी।