- एसएसपी प्रभात कुमार का डीएसपी विधि व्यवस्था कार्यालय में निरीक्षण, पुराने लंबित कांडों पर कसा शिकंजा
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने शुक्रवार को डीएसपी विधि व्यवस्था कार्यालय का निरीक्षण कर लंबित कांडों, वारंटों और न्यायालय से जुड़े मामलों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीएसपी विधि व्यवस्था प्रकाश सोय, संबंधित थाना प्रभारी एवं कार्यालय कर्मी मौजूद रहे। एसएसपी ने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण और अनुसंधान की प्रगति की जानकारी ली।
2023 तक के लंबित कांडों पर विशेष फोकस
एसएसपी ने वर्ष 2023 तक के सभी लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने पुराने मामलों की नियमित समीक्षा करने और अनुसंधान में आने वाली तकनीकी या प्रशासनिक बाधाओं का तत्काल समाधान करने को कहा।
वारंट और वांछित अभियुक्तों पर भी सख्ती
लंबित वारंटों के निष्पादन को प्राथमिकता देते हुए एसएसपी ने थाना प्रभारियों और अनुसंधान पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया। वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं न्यायालय संबंधी प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी नहीं करने को कहा गया।
केस डायरी से चार्जशीट तक रिकॉर्ड दुरुस्त रखने का आदेश
एसएसपी ने सुपरविजन रिपोर्ट, चार्जशीट, अंतिम प्रतिवेदन, केस डायरी समेत सभी आवश्यक अभिलेखों को विधिवत, व्यवस्थित और अद्यतन रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पुराने मामलों के निष्पादन के साथ वर्तमान कांडों के अनुसंधान की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। कार्यालय स्तर पर लंबित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और थाना स्तर से प्राप्त प्रतिवेदनों की समयबद्ध समीक्षा सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।। एसएसपी का स्पष्ट संदेश—लंबित मामलों में तेजी लाएं, जवाबदेही तय होगी।