Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
झारखंड

आज से राजनीतिक पारी का आगाज करेंगी कल्पना सोरेन

आज से राजनीतिक पारी का आगाज करेंगी कल्पना सोरेन
विज्ञापन
  • कल्पना सोरेन पहली बार सार्वजनिक कार्यक्रम में होंगी शामिल
  • झामुमो स्थापना दिवस से एक्टिव पॉलिटिक्स में रखेंगी कदम

टीम एबीएन, रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का 51वां स्थापना दिवस समारोह आज यानी सोमवार को गिरिडीह के झंडा मैदान में मनाया जाएगा। इस आयोजन से हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करेंगी। 

वहीं, गिरिडीह के बाद 10 मार्च को कल्पना सोरेन बरहेट का भी दौरा करेंगीं। कल्पना सोरेन ने सोशल मीडिया साइट X पर खुद पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। कल्पना सोरेन ने हेमंत सोरेन के एक्स हैंडल पर खुद इसकी घोषणा की। इस संबंध में बीते रविवार को शिबू सोरेन और सास रूपी सोरेन से आशीर्वाद लेते हुए कल्पना ने एक्स हैंडल पर पोस्ट की। 

उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- आज अपने जन्मदिन और कल गिरिडीह में झामुमो के स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल होने से पहले आज झारखंड राज्य के निर्माता और झामुमो के माननीय अध्यक्ष आदरणीय बाबा दिशोम गुरुजी और मां से आशीर्वाद लिया। 

आज ही सुबह हेमन्त जी से भी मुलाकात की। मेरे पिता भारतीय सेना में थे। वह सेना से रिटायर हो चुके हैं। पिताजी ने सेना में रहकर देश के दुश्मनों का डटकर सामना किया। बचपन से ही उन्होंने मुझमें बिना डरे सच के लिए संघर्ष करना और लड़ना भी सिखाया। 

कल्पना ने आगे लिखा, झारखण्ड वासियों और झामुमो परिवार के असंख्य कर्मठ कार्यकर्ताओं की मांग पर कल से मैं सार्वजनिक जीवन की शुरुआत कर रही हूं। जब तक हेमन्त जी हम सभी के बीच नहीं आ जाते तब तक मैं उनकी आवाज बनकर आप सभी के बीच उनके विचारों को आपसे साझा करती रहूंगी, आपकी सेवा करती रहूंगी। 

विश्वास है, जैसा स्नेह और आशीर्वाद आपने अपने बेटे और भाई हेमंत जी को दिया है, वैसा ही स्नेह और आशीर्वाद, मुझे यानी हेमन्त जी की जीवन संगिनी को भी देंगे। जय जोहार! जय झारखण्ड! हेमन्त है तो हिम्मत है! #झारखण्ड_झुकेगा_नहीं।

गिरिडीह के विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि झारखंड आंदोलन की धरती गिरिडीह में कल्पना सोरेन का स्वागत है। आज से 51 वर्ष पूर्व दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने झारखंड की राजनीति में जो मशाल जलाई थी, कल्पना के नेतृत्व में अब उसकी रोशनी दूर तक फैलेगी। सोमवार का दिन सिर्फ गिरिडीह ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य के लिए खास होगा।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 15,231